/कुनिहार में149 पेटियां अवैध शराब के साथ पिकअप धरी, आरोपी गिरफ्तार

कुनिहार में149 पेटियां अवैध शराब के साथ पिकअप धरी, आरोपी गिरफ्तार

सोलन (कुनिहार) 27 मार्च ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

सोलन जिले के पुलिस थाना कुनिहार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 149 पेटियां अवैध शराब से भरी एक महिंद्रा पिकअप वाहन को पकड़कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में थाना कुनिहार में एफआईआर संख्या 18/2026 दिनांक 26-03-2026 को धारा 39(1)(a) हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 के तहत मामला दर्ज किया गया है।


जानकारी के अनुसार 25/26 मार्च की रात पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी गुप्त सूचना मिली कि जाडली-बनिया देवी लिंक रोड से एक पिकअप में भारी मात्रा में अवैध शराब लाई जा रही है। सूचना के आधार पर तुरंत नाकाबंदी कर वाहन को रोका गया।

तलाशी के दौरान वाहन से कुल 149 पेटियां शराब बरामद की गईं, जिनमें 99 पेटियां देशी शराब और 50 पेटियां अंग्रेजी शराब शामिल हैं। बरामद शराब में 1188 बोतलें देशी और 600 बोतलें अंग्रेजी शराब पाई गईं।

चालक मौके पर किसी प्रकार का वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने आरोपी बृज लाल (31 वर्ष) निवासी गांव कासल, तहसील कसौली, जिला सोलन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

आरोपी को बीएनएसएस 2023 की धारा 35(3) के तहत पाबंद किया गया है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी थाना बरोटीवाला में शराब तस्करी का मामला दर्ज है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

मामले में आगे की जांच जारी है।