जयराम ठाकुर ने CM से माफी की मांग की।
शिमला 27 मार्च
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिम केयर योजना को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि हिम केयर के नाम पर अफवाह फैलाने के लिए मुख्यमंत्री को सदन ही नहीं, पूरे प्रदेश से माफी मांगनी चाहिए।
जयराम ठाकुर ने हिम केयर योजना की शुरुआत से अब तक की जांच हाई कोर्ट के सिटिंग जज से कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के दौरान इस योजना के तहत 3.98 लाख लोगों का इलाज हुआ, जिस पर 442 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने सदन में हिम केयर को लेकर गलत बयान दिया, जिसे बाद में खुद ही वापस लेने की बात कही गई, जिससे सरकार की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में प्रति मरीज खर्च बढ़कर 14 हजार रुपये हो गया है, जबकि उनकी सरकार में यह औसतन 11 हजार रुपये था।
नेता प्रतिपक्ष ने दवाइयों की खरीद और सप्लाई में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मेडिकल सर्विस कॉरपोरेशन के माध्यम से खरीद न होने पर भी सवाल उठाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।






