/शिमला में महिलाओं से छेड़छाड़ करने वाला बाबा गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई

शिमला में महिलाओं से छेड़छाड़ करने वाला बाबा गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई

शिमला 28 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

शिमला के मॉल रोड पर महिलाओं के साथ अनुचित व्यवहार करने के आरोप में एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की।


एसएसपी शिमला गौरव सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को ट्रेस कर लिया और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


वीडियो में दिखाई दे रहे साधु के भेष में व्यक्ति की पहचान नारायण दास (36 वर्ष) के रूप में हुई है, जो राजस्थान के जिला टोंक का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार आरोपी पहले भी अप्रैल से जून 2025 के बीच शिमला आया था और हाल ही में दोबारा यहां पहुंचा था।


पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आरोपी को समय रहते गिरफ्तार कर लिया गया और अब उससे पूछताछ जारी है।