/पंचायत स्तर पर नशा निवारण को लेकर अहम बैठक, CCTV व जागरूकता अभियान पर जोर

पंचायत स्तर पर नशा निवारण को लेकर अहम बैठक, CCTV व जागरूकता अभियान पर जोर

रामपुर, 29 मार्च ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

पुलिस थाना रामपुर के अंतर्गत मन्दिर प्रांगण, लालसा में पंचायत स्तर नशा निवारण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत लालसा व डन्सा के लगभग 70 गणमान्य व्यक्तियों (पुरुष एवं महिलाएं) सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान मादक पदार्थ अधिनियम और PIT NDPS Act के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा नशे के दुष्प्रभावों पर गंभीर चर्चा की गई। विशेष रूप से युवाओं और स्कूली बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए पंचायत स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

प्रतिभागियों ने सुझाव दिया कि स्कूलों और कॉलेजों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के खतरों के प्रति जागरूक किया जाए।

इसके साथ ही दोनों पंचायतों के मुख्य बाजारों और चौक-चौराहों पर CCTV कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया, ताकि निगरानी बढ़ाई जा सके और अपराधों पर नियंत्रण पाया जा सके।

बैठक में लोगों से अपील की गई कि मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने का आश्वासन भी दिया गया।

इसके अलावा “ड्रग फ्री हिमाचल ऐप” सहित पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की गई। बाहरी राज्यों से आने वाले व्यक्तियों के सत्यापन पर भी विशेष बल दिया गया।

पुलिस प्रशासन ने नियमित गश्त बढ़ाने की बात कही तथा नशे के आदी लोगों के पुनर्वास के लिए संबंधित संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।

बैठक के अंत में सभी उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।