नालागढ़ (रामशहर), 29 मार्च ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
सोलन जिले की तहसील रामशहर के ऐतिहासिक रामगढ़ किला तवेला स्थित दुर्गा मां मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ के छठे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पिछले पांच दिनों से चल रही इस कथा में क्षेत्रभर से सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचकर धर्म लाभ ले रहे हैं।
व्यास पीठ से कथा वाचन करते हुए पंडित पवन कुमार शर्मा ने अपनी मधुर वाणी में प्रवचन देते हुए कहा कि इस संसार में बिना शक्ति के कुछ भी संभव नहीं है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि वाणी बोल नहीं सकती, आंखें देख नहीं सकती, कान सुन नहीं सकते और पैर चल नहीं सकते, जब तक उनमें शक्ति न हो। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने भीतर निहित शक्ति का सदुपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म शाश्वत सत्य है और सदैव बना रहेगा।
उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि प्रातःकाल प्रभु का स्मरण करें और नियमित रूप से भागवत कथा में उपस्थित होकर आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त करें।
आज की कथा में नालागढ़ क्षेत्र के पूर्व विधायक के.एल. ठाकुर, हेम शंकर शर्मा, अशोक वर्मा, सौरव रणदेव, शेखी, कुलभूषण शर्मा, अमर चंद सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। इसके अलावा स्थानीय पंचायत की पूर्व प्रधान कृष्ण शर्मा, वरिष्ठ समाजसेवी एन.डी. शास्त्री, प्रकाश चंद, लेख राम, राजेंद्र कुमार समेत अनेक बुद्धिजीवी भी उपस्थित रहे।
सभी श्रद्धालुओं ने व्यास पीठ के चरणों में नतमस्तक होकर कथा का रसपान किया और आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया। कथा के उपरांत आरती की गई तथा श्रद्धालुओं ने भिन्न-भिन्न व्यंजनों के साथ भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।









