बद्दी–नालागढ़ राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर गड्ढों से लोगों को परेशानी, विधायक हरदीप सिंह बावा से उठी मरम्मत की मांग
बद्दी/नालागढ़ 31 मार्च
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल प्रदेश की औद्योगिक नगरी बीबीएन(बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़) की लाइफलाइन माने जाने वाले बद्दी से नालागढ़ जाने वाले फोरलेन की हालत इन दिनों बेहद खराब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं हादसों का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत का कार्य भी राजनीतिक आधार पर किया जा रहा है। नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में आने वाले इस राष्ट्रीय उच्च मार्ग की स्थिति काफी दयनीय है, जहां गड्ढों को भरने तक के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है। वहीं दूसरी ओर, दून विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाले इसी मार्ग पर मैटलिंग का कार्य कर दिया गया है।

लोगों का कहना है कि बद्दी क्षेत्र के निवासियों ने अपने जनप्रतिनिधियों को जगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी, जिसके चलते वहां सड़क की स्थिति में सुधार हुआ। जबकि नालागढ़ क्षेत्र में न तो जनप्रतिनिधियों ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया और न ही राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने समय रहते मरम्मत कार्य करने की जहमत उठाई।

स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा से मांग की है कि वह इस मुद्दे को प्राथमिकता से उठाएं और राष्ट्रीय उच्च मार्ग की जल्द से जल्द मरम्मत सुनिश्चित करवाएं।
उनका कहना है कि सड़क की खस्ता हालत के कारण रोजाना दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है और यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क हादसों के चलते बड़ी जनहानि हो सकती है।
लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से भी अपील की है कि इस महत्वपूर्ण मार्ग की अनदेखी न करते हुए तुरंत मरम्मत कार्य शुरू किया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।








