/शिमला में भाई ने की भाई की हत्या, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी किया गिरफ्तार

शिमला में भाई ने की भाई की हत्या, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी किया गिरफ्तार


झाकड़ी थाना क्षेत्र में संदिग्ध हालत में मिला शव, जांच में खुला हत्या का मामला

शिमला 31 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

हिमाचल के जिला शिमला के झाकड़ी थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझा ली है।

पुलिस ने इस मामले में मृतक के ही छोटे भाई को गिरफ्तार किया है, जिसने पूछताछ के दौरान अपना अपराध कबूल कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, 30 मार्च 2026 की सुबह थाना झाकड़ी को सूचना मिली कि राई खड्ड स्थित श्मशान घाट के पास एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान अनिल कुमार उर्फ काकू (35 वर्ष), निवासी गांव सराहन, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई।

प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर और मुंह के पास चोटों तथा खून के निशान पाए गए, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। इस पर थाना झाकड़ी में अभियोग संख्या 24/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता, 2023 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटनास्थल का निरीक्षण विशेषज्ञ टीम (SFSL) की मौजूदगी में किया गया और मौके से अहम साक्ष्य एकत्र किए गए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सराहन भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के छोटे भाई विक्रम (34 वर्ष) को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की। भौतिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने भाई के साथ शराब पीने के दौरान पुरानी रंजिश के चलते उसकी हत्या कर दी।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई जारी है।