शिमला 31 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल विधानसभा परिसर में एंट्री टैक्स बढ़ोतरी और पेट्रोल-डीजल पर सेस के विरोध में भाजपा विधायकों ने जोरदार प्रदर्शन किया।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में विपक्ष ने सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए विधानसभा गेट तक मार्च किया और तीखे नारे लगाए।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि एक ओर केंद्र सरकार राहत दे रही है, वहीं प्रदेश सरकार जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि छोटी गाड़ियों का एंट्री टैक्स ₹40 से बढ़ाकर ₹170 और बड़ी गाड़ियों का ₹1000 तक करना पर्यटन और व्यापार के लिए नुकसानदायक है। साथ ही पेट्रोल-डीजल पर ₹5 सेस लगाने का भी विरोध किया गया।

विपक्ष ने चेतावनी दी कि यदि फैसले वापस नहीं लिए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इसी बीच जयराम ठाकुर ने केंद्र द्वारा ‘प्राइड ऑफ हिल्स’ योजना के तहत हिमाचल को ₹3920 करोड़ की सहायता पर नरेंद्र मोदी और निर्मला सीतारमण का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि यह राशि राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में मदद करेगी और सरकार को इसका सही उपयोग करना चाहिए।








