हथियारों से हमला कर वाहन को पहुंचाया नुकसान, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को दबोचा
बद्दी/सोलन, 03 अप्रैल
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत मारपीट और तोड़फोड़ के एक गंभीर मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला 26 मार्च 2026 को पुलिस थाना बद्दी में दर्ज किया गया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अभिषेक वर्मा, निवासी हरियाणा, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हाउसिंग बोर्ड फेस-1, बद्दी के पास अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उसके पिता पर लाठियों और तलवारों से हमला किया गया।

हमले के दौरान आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और उनकी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बद्दी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान कर उन्हें 03 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मूलक राज (29 वर्ष), बांका राम (24 वर्ष) और नीरज (23 वर्ष), निवासी गांव ग्योल जमाला, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के रूप में हुई है।

पुलिस द्वारा आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मामले की जांच जारी है।










