दादरा एवं नगर हवेली में बच्चों ने लिया विविध स्थलों का आनंद
चंबा, 3 अप्रैल
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिला चंबा के चार बाल देखभाल संस्थानों से संबंधित लगभग 35 “चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट” इन दिनों एक सप्ताह के शैक्षणिक भ्रमण पर हैं।
31 मार्च से आरंभ हुए इस भ्रमण कार्यक्रम के चौथे दिन शुक्रवार को बच्चों ने दादरा एवं नगर हवेली जिले के विभिन्न प्रमुख पर्यटन एवं शैक्षणिक स्थलों का दौरा कर ज्ञानवर्धक अनुभव प्राप्त किया।

इस दौरान बच्चों ने वासोना में लायन सफारी का आनंद लिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने दमन क्षेत्र में चिल्ड्रन मेमोरियल पार्क, बटरफ्लाई पार्क खनवेल, दुधनी लेक, डियर पार्क सेंचुरी सतमलैया, नक्षत्र गार्डन तथा दमन गंगा रिवर फ्रंट सहित वान गंगा लेक गार्डन का भ्रमण किया। दादरा में हाई राइज म्यूजिकल वॉटर फाउंटेन शो भी बच्चों के आकर्षण का केंद्र रहा।

भ्रमण के दौरान हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने 3 अप्रैल को वर्चुअल माध्यम से बच्चों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से भ्रमण कार्यक्रम के अनुभवों के बारे में जानकारी ली और उनका उत्साहवर्धन करते हुए इस यात्रा को सुखद एवं सफलतापूर्वक पूर्ण करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
बच्चों ने इस अवसर पर राज्य सरकार, विधानसभा अध्यक्ष एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि भ्रमण के दौरान उन्हें उच्च स्तर की परिवहन, आवास एवं भोजन की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

भ्रमण दल के प्रभारी एवं बाल संरक्षण अधिकारी अजय पंवर ने बताया कि सभी बच्चे इस शैक्षणिक यात्रा को लेकर बेहद उत्साहित हैं। बच्चों ने एक स्वर में कहा कि इस प्रकार का ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक भ्रमण उनके जीवन का एक अनूठा अनुभव है, जिसकी उन्होंने पहले कभी कल्पना भी नहीं की थी।









