6 आरोपी गिरफ्तार।
सोलन, 4 अप्रैल ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
जिला पुलिस सोलन ने वाहन पंजीकरण से जुड़े एक संगठित साइबर एवं दस्तावेजी धोखाधड़ी के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई क्षेत्रीय परिवहन एवं लाइसेंसिंग प्राधिकरण (R&LA), सोलन की शिकायत के आधार पर की गई।

मामले के अनुसार, 26 जनवरी 2026 को R&LA सोलन की अधिकारी डॉ. पूनम बंसल द्वारा प्रस्तुत शिकायत में वाणिज्यिक वाहनों के पंजीकरण, लोडेड वेट में संशोधन तथा स्वामित्व हस्तांतरण की प्रक्रियाओं में गंभीर अनियमितताओं की ओर संकेत किया गया था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि VAHAN पोर्टल में अवैध छेड़छाड़ कर नियमों को दरकिनार किया गया तथा सरकारी लॉगिन क्रेडेंशियल्स का दुरुपयोग किया गया।
पुलिस थाना सदर, सोलन में इस संबंध में FIR संख्या 22/26 दिनांक 26-01-2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोलन द्वारा उप पुलिस अधीक्षक अशोक चौहान के नेतृत्व में विशेष अन्वेषण दल (SIT) का गठन किया गया, जिसने तकनीकी एवं वित्तीय साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच की।
जांच में खुलासा हुआ कि संबंधित वाहनों का पंजीकरण बिना मोटर वाहन निरीक्षक के अनिवार्य निरीक्षण और बिना पूर्ण दस्तावेजों के किया गया। साथ ही VAHAN पोर्टल पर फर्जी यूज़र आईडी बनाकर सत्यापन एवं अनुमोदन की प्रक्रियाएं अवैध रूप से पूरी की गईं।

तकनीकी जांच में यह भी सामने आया कि RLA झंडूता में कार्यरत क्लर्क गौरव भारद्वाज इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना है, जिसने अवैध रूप से एडमिन क्रेडेंशियल्स हासिल कर पोर्टल में छेड़छाड़ की।
आरोपी ने एजेंटों का एक नेटवर्क तैयार कर वाहन मालिकों से अवैध धनराशि वसूली और बदले में दस्तावेजों में हेरफेर की।
वित्तीय जांच में करोड़ों रुपये के लेन-देन का भी खुलासा हुआ है, जो संगठित आर्थिक अपराध की पुष्टि करता है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 अप्रैल 2026 को छह आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिन्हें 4 अप्रैल को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों एवं नेटवर्क की पहचान की जा रही है। जिला पुलिस सोलन ने स्पष्ट किया है कि इस संगठित धोखाधड़ी में संलिप्त सभी आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।









