शिमला 5 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
जिला शिमला पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस थाना ढली में FIR संख्या 27/2026, दिनांक 03 अप्रैल 2026 को NDPS एक्ट की धारा 18 व 20 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, स्पेशल सेल शिमला की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने IHM कुफरी के समीप कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
आरोपी की पहचान अरुण वर्मा उर्फ बंटी (33 वर्ष) निवासी गांव जानू, तहसील ठियोग, जिला शिमला के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के ट्रंक से 30.110 ग्राम चरस और 127.090 ग्राम अफीम बरामद की गई।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 04 अप्रैल 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 07 अप्रैल 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले की गहन जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।








