बद्दी में आयुर्वेदिक औषधि निर्माता संघ की बैठक, उद्योग को मिलेगा बढ़ावा
सोलन, 6 अप्रैल ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल प्रदेश के आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा विधि मंत्री यादविंदर गोमा ने कहा कि प्रदेश सरकार आयुष क्षेत्र को सशक्त बनाने और आयुर्वेदिक औषधि उद्योग को प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है। वह बद्दी में बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ आयुर्वेदिक औषधि निर्माता संघ की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियां औषधीय जड़ी-बूटियों के उत्पादन के लिए बेहद अनुकूल हैं, जिससे आयुर्वेदिक उद्योग के विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। इस क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी तेजी से बढ़ेंगे।
आयुष मंत्री ने निर्देश दिए कि फॉर्मूलेशन समिति की बैठक हर माह की 20 तारीख को नियमित रूप से आयोजित की जाए, ताकि दवा निर्माण से जुड़े लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा हो सके। साथ ही, तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए ऑनलाइन पोर्टल को ऑफलाइन प्रणाली से जोड़ने का आश्वासन दिया गया।

उन्होंने बताया कि आयुष विभाग के निदेशक की अध्यक्षता में हर तीन माह में समन्वय बैठक आयोजित होगी, जिससे उद्योग और सरकार के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा।

मंत्री ने आयुर्वेदिक औषधि निर्माता संघ की मांगों को एसओपी के अनुरूप शीघ्र पूरा करने का भरोसा दिलाया। कच्चे माल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए किसानों से सीधे संपर्क स्थापित करने की योजना भी साझा की, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी और उद्योग को गुणवत्तापूर्ण सामग्री स्थानीय स्तर पर मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों, विशेषकर आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और हिमाचल को आयुर्वेदिक दवा निर्माण में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
इस दौरान आयुष विभाग के अधिकारी, विभिन्न जिलों के आयुर्वेदिक औषधि निर्माता संघ के प्रतिनिधि एवं उद्योगपति उपस्थित रहे।









