बद्दी, 10 अप्रैल ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना मानपुरा के अंतर्गत एक्स-सेल टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि खरूणी क्षेत्र में दो व्यक्ति एक कार में बैठकर चिट्टा (हेरोइन) बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए शिवालिक साइंस स्कूल के समीप सड़क किनारे खड़ी एक क्रेटा कार को घेरकर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7.29 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और एक डिजिटल तराजू बरामद किया। मौके पर ही दोनों आरोपियों — मोहन लाल उर्फ गंजू (निवासी डुमनवाला) और नरेश कुमार उर्फ मोनू (निवासी मलपुर) — को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में पुलिस थाना मानपुरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।









