/मांगल (बागा) में 1 मई को होगा विशाल कुश्ती दंगल। लाखों के इनाम घोषित।

मांगल (बागा) में 1 मई को होगा विशाल कुश्ती दंगल। लाखों के इनाम घोषित।

सोलन/बिलासपुर 14 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा

अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट बागा के समीप स्थित मांगल (बागा) में 1 मई 2026 को खेलकूद एवं दंगल समिति द्वारा भव्य कुश्ती दंगल का आयोजन किया जा रहा है। इस दंगल में देशभर के नामी पहलवानों के भाग लेने की संभावना है।


मिली जानकारी के अनुसार, दंगल में विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले कराए जाएंगे और विजेताओं के लिए आकर्षक नकद इनाम भी रखे गए हैं। कार्यक्रम सुबह से शुरू होगा, जबकि पहलवानों का वजन सुबह निर्धारित समय पर किया जाएगा।


आयोजन समिति के अनुसार, मुकाबलों का समय निर्धारित किया गया है और यदि तय समय में परिणाम नहीं निकलता है तो प्वाइंट सिस्टम के आधार पर कुश्ती करवाई जाएगी। बच्चों की कुश्तियां भी सुबह 11 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होंगी।


इस दंगल में +93 किलोग्राम, 93 किलोग्राम, 83 किलोग्राम, 73 किलोग्राम और 63 किलोग्राम वर्ग शामिल हैं। प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय, सेमीफाइनल और क्वार्टर फाइनल तक के लिए अलग-अलग नकद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं, जिनकी कुल राशि लाखों में है।


आयोजकों ने बताया कि इच्छुक पहलवान निर्धारित तिथि तक अपना पंजीकरण करवा सकते हैं और सभी प्रतिभागियों के लिए खाने व रहने की व्यवस्था भी की गई है।


गौरतलब है कि मांगल (बागा) में हर वर्ष आयोजित होने वाला यह दंगल क्षेत्र का प्रमुख खेल आयोजन है, जिसमें बड़ी संख्या में दर्शक भी पहुंचते हैं।

l