बीबीएन 14 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र Baddi के बिलांवाली लबाणा में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक का शव खेत में मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

मृतक की पहचान ओमकार चौधरी, पुत्र दिलावर सिंह, निवासी गांव छितावर, डाकघर किरतपुर, जिला Bijnor के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, एफएसएल टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
एसपी विनोद धीमान के अनुसार, हत्या के इस मामले में दो संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बीती रात मृतक का कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था, जिसके बाद यह वारदात हुई।

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।








