नालागढ़ (बद्दी) 16 अप्रैल
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/रजनीश ठाकुर,
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में एक कथित जातिसूचक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर तनाव की स्थिति बन गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक फेसबुक पर एक व्यक्ति द्वारा अनुसूचित जाति समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के आरोप के बाद सामाजिक संगठनों में आक्रोश देखा जा रहा है।
गुरु रविदास सभा बद्दी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग डीएसपी कार्यालय बद्दी पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

सभा ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
सभा के सदस्य पारस बैंस ने कहा कि बद्दी-बीबीएन क्षेत्र सदैव सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का उदाहरण रहा है। इस प्रकार की टिप्पणियां समाज में विभाजन पैदा करने का प्रयास हैं, जिन्हें किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति पूर्व में भी सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री साझा करता रहा है।

वहीं, नागेंद्र जैस्वाल ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर इस प्रकार की टिप्पणी करना अत्यंत निंदनीय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पोस्ट में एक विशेष समुदाय के साथ-साथ बाबा साहेब के विचारों और बौद्ध धर्म पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है।
सभा के प्रतिनिधियों ने आरोपी के खिलाफ एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है। साथ ही, इस संबंध में शिकायत राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग को भी भेजी गई है।

इस मामले में डीएसपी बद्दी योगराज चंदेल ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच जारी है।
उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
—









