/24 घंटे में हत्या का खुलासा, बद्दी पुलिस की बड़ी सफलता।

24 घंटे में हत्या का खुलासा, बद्दी पुलिस की बड़ी सफलता।

हत्या का कारण नशे से जुड़े होने की आशंका

बद्दी, 16 अप्रैल ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

औद्योगिक नगरी बीबीएन के बद्दी क्षेत्र के बिलांवाली लबाणा में हुए युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।हत्या के कारणो का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को पुलिस थाना बद्दी में एक युवक का शव खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने की सूचना पर मामला दर्ज किया गया।

मृतक की पहचान ओमकार चौधरी, पुत्र दिलावर सिंह, निवासी जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बद्दी, विनोद धीमान ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, एफएसएल टीम द्वारा मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन विशेष टीमें गठित कीं। इन टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी एवं साइबर विश्लेषण के आधार पर लगातार दबिश दी और आरोपियों का सुराग लगाया।

पुलिस ने आरोपी सन्नी कुमार (30 वर्ष), निवासी समस्तीपुर (बिहार), वर्तमान निवासी गोपाल विलेज, बिलांवाली, बद्दी तथा राहुल सिंह (26 वर्ष), निवासी नूरपुर, जिला कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।

दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है