नालागढ़ 17 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा।
नालागढ़ क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए मशीनरी और वाहनों को जब्त किया है।
पुलिस द्वारा इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 अप्रैल 2026 को अन्दरौला खड्ड क्षेत्र में पुल के नीचे अवैध खनन की गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
मौके पर एक जेसीबी मशीन द्वारा टिपर में ग्रेवल (बजरी) लोड किया जा रहा था, जबकि एक अन्य टिपर भी वहां खड़ा पाया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन और दोनों टिपरों को कब्जे में ले लिया। जांच के दौरान मौके पर मौजूद चालक खनन से संबंधित कोई वैध परमिट या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
प्रारंभिक जांच में मशीनरी और वाहनों का संबंध लखविंद्र सिंह उर्फ लक्की से पाया गया है।
इस मामले में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ धारा 303(2), 3(5) बीएनएस एवं माइनिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच जारी है और अवैध खनन में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।








