ठियोग (शिमला), 18 अप्रैल
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत शिमला पुलिस ने एक अहम कार्रवाई करते हुए फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मामला थाना ठियोग में दर्ज अभियोग संख्या 48/26 (धारा 21, 29 NDPS एक्ट) से संबंधित है।
12 अप्रैल को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नंगलदेवी के पास एक कार की तलाशी ली, जिसमें कुलदीप वर्मा उर्फ आशू निवासी नलेहा के कब्जे से 8.340 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया। आरोपी को मौके पर गिरफ्तार किया गया।

जांच के दौरान व्हाट्सऐप चैट और UPI ट्रांजैक्शन के जरिए मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त के सबूत मिले।
इससे हितेन्द्र मेहता उर्फ रिंकू की संलिप्तता सामने आई, जो JMFC ठियोग में चपरासी के पद पर कार्यरत है। पुलिस ने उसे 17 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया और मामले में धारा 29 भी जोड़ दी।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में NDPS एक्ट के तहत अब तक 100 मामले दर्ज कर 214 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें 38 गिरफ्तारी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ते हुए की गई हैं।
पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।









