नालागढ़, 28 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
नालागढ़ थाना क्षेत्र के तहत दत्तोवाल में पीर बाबा मंदिर के समीप मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में दो व्यक्ति घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार व लापरवाही से चल रहे एक टेंपो ने सामने से आ रहे ट्रक को टक्कर मार दी, जिससे टेंपो सड़क पर पलट गया।
हादसे में टेंपो चालक सोमी मलिक पुत्र शरीफ मोहम्मद, निवासी वार्ड नंबर-2 नालागढ़ तथा अमन पुत्र इंद्र स्वरूप, निवासी गांव डाकघर उपरला नंगल, तहसील नालागढ़ घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी नालागढ़ पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया।
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।







