शिमला, 28 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
राजधानी शिमला में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए जिला पुलिस शिमला द्वारा संजौली चौक के आसपास कुछ समय के लिए ट्रैफिक रेगुलेशन लागू किया गया है।
इस संबंध में शिमला पुलिस ने आम जनता और वाहन चालकों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए सहयोग की अपील की है।
पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार संजौली चौक की ओर आने वाले वाहन चालकों से अनुरोध किया गया है कि वे फिलहाल इस मार्ग की बजाय वैकल्पिक बाईपास मार्गों का उपयोग करें, ताकि यातायात सुचारू बना रहे और जाम की स्थिति से बचा जा सके।
पुलिस ने लक्कड़ बाजार की ओर से आने वाले वाहन चालकों को चलोंठी बाईपास मार्ग अपनाने तथा खलिनी की ओर से आने वाले लोगों को भट्टाकुफर-ढली बाईपास के इस्तेमाल की सलाह दी है।
जिला पुलिस ने कहा है कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यह अस्थायी रेगुलेशन किया गया है और नागरिकों के सहयोग से ही व्यवस्था प्रभावी रह सकेगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से संजौली चौक की ओर न जाएं तथा बताए गए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
जिला पुलिस शिमला ने आम जनता से सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन कर सभी लोग सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने में योगदान दें।








