शिमला, 30 अप्रैल
हिम नयन न्यूज़ / ब्यूरो / वर्मा
जिला शिमला पुलिस ने संवेदनशील एवं मानवीय पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एक 10 वर्षीय बालिका को सकुशल उसके परिजनों से मिलाकर सराहनीय कार्य किया है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 29 अप्रैल 2026 को शाम के समय एक बस परिचालक एक 10 वर्षीय बालिका को पुलिस थाना पूर्व लेकर पहुंचा।
परिचालक ने बताया कि बालिका संजौली से बस में सवार हुई थी, किन्तु वह स्पष्ट रूप से अपनी जानकारी नहीं दे पा रही थी, जिससे स्थिति चिंताजनक प्रतीत हो रही थी।
थाना पूर्व में पुलिस कर्मियों ने बालिका से संवेदनशीलता और धैर्यपूर्वक बातचीत की।
पूछताछ के दौरान बालिका ने अपना नाम एवं पता बताया और यह भी बताया कि वह अपने घर का रास्ता पहचान सकती है।
इसके पश्चात पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बालिका को अपनी सुरक्षा में लेकर संजौली क्षेत्र में उसके बताए गए पते पर पहुंचाया, जहां उसे सुरक्षित रूप से उसके पिता के सुपुर्द किया गया।
बालिका के परिजनों ने शिमला पुलिस की इस त्वरित, मानवीय एवं सराहनीय कार्यवाही के लिए आभार व्यक्त किया है।









