चंडीगढ़ 30 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (PGIMER), चंडीगढ़ में आज 39वां दीक्षांत समारोह गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किया गया, जिसमें 682 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं तथा 95 मेधावी छात्रों को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल से सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि जगत प्रकाश नड्डा रहे, जबकि गुलाब चंद कटारिया विशिष्ट अतिथि और विनोद कुमार पॉल अतिथि-ए-विशेष के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विवेक लाल और आर के राठो भी मंच पर मौजूद रहे।
अपने संबोधन में नड्डा ने चिकित्सा क्षेत्र में तकनीक और मानवीय संवेदना के संतुलन पर जोर देते हुए कहा कि भविष्य की चिकित्सा में नवाचार के साथ करुणा का समावेश आवश्यक है। उन्होंने भारत में मेडिकल शिक्षा के विस्तार का उल्लेख करते हुए बताया कि मेडिकल कॉलेजों और सीटों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
संस्थान के निदेशक प्रो. विवेक लाल ने PGIMER की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए बताया कि संस्थान में 850 से अधिक शोध परियोजनाएं, 40 लाख से अधिक टेली-परामर्श, तथा आयुष्मान भारत के तहत ₹650 करोड़ से अधिक की मरीज सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं।
दीक्षांत समारोह का समापन धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ, जो संस्थान की स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और अनुसंधान में उत्कृष्टता की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।









