/हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस राज में किसान-बागवान बेहाल।

हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस राज में किसान-बागवान बेहाल।

अपने ही विधायक उठा रहे सवाल – संदीपनी भारद्वाज

शिमला, 01 मई ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने ठियोग से कांग्रेस विधायक कुलदीप राठौर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है।

उन्होंने कहा कि यह विडंबना है कि कांग्रेस शासन में अब उसके अपने विधायक ही सरकार से राहत की मांग कर रहे हैं।


भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश में ओलावृष्टि से सेब सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन सरकार अब तक कोई ठोस राहत योजना नहीं ला पाई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि किसान-बागवान महंगी खाद, बढ़ती लागत और कम दामों से पहले ही परेशान हैं, जबकि प्राकृतिक आपदा ने उनकी स्थिति और खराब कर दी है।


उन्होंने यह भी कहा कि जब विधायक स्वयं राजस्व अधिकारियों से नुकसान का आकलन और मुआवजे की मांग कर रहे हैं, तो यह सरकार की नाकामी को दर्शाता है। साथ ही लोन राहत, एमआईएस भुगतान और एचपीएमसी के बकाये जैसे मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं, जिससे छोटे बागवान सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।


महंगाई के मुद्दे पर भी उन्होंने कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कहा कि व्यावसायिक गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से आम जनता और व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।


उन्होंने केंद्र पर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अपनी विफलताओं का ठीकरा केंद्र पर फोड़ रही है।


भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस सरकार न किसानों को राहत दे पा रही है और न ही बागवानों को सहारा, जिसके चलते अब उसके अपने विधायक ही सरकार से जवाब मांग रहे हैं।