/झाकड़ी में अवैध शराब बरामद, 72 बोतलें जब्त

झाकड़ी में अवैध शराब बरामद, 72 बोतलें जब्त

शिमला 2 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

जिला शिमला पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना झाकड़ी की टीम को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना झाकड़ी की टीम गश्त पर थी और आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान एक विश्वसनीय सूचना के आधार पर झाकड़ी बाजार स्थित रेहड़ी मार्किट में एक दुकान (चिकन कॉर्नर) की नियमानुसार तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान दुकान से 06 पेटियां अंग्रेजी शराब (मार्का रॉयल जनरल व्हिस्की) बरामद की गईं। प्रत्येक पेटी में 12 बोतलें थीं, इस प्रकार कुल 72 बोतलें अवैध शराब जब्त की गई।

जांच के दौरान दुकान का मालिक नोखी राम पुत्र श्री बहादुर सिंह, निवासी गांव चांदपुर, डाकघर करतोट, तहसील रामपुर, जिला शिमला (हि.प्र.) उक्त शराब के संबंध में कोई वैध परमिट या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर पाया।

इस संबंध में पुलिस थाना झाकड़ी में मामला संख्या 31/2026, धारा 39(1)(a) हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।