नालागढ़, 04 मई ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ के इग्नू स्टडी सेंटर द्वारा नव-प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए एक ऑनलाइन इंडक्शन मीटिंग का आयोजन किया गया।
इस बैठक का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके शैक्षणिक सफर में आने वाली संभावित चुनौतियों के बारे में मार्गदर्शन देना और उन्हें इग्नू की शिक्षा प्रणाली से परिचित कराना था।
कार्यक्रम का आयोजन गूगल मीट के माध्यम से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. हरविंदर सिंह और डॉ. नरेश कुमार ने विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. हरविंदर सिंह ने छात्रों को उनके संबंधित पाठ्यक्रमों की संरचना समझाते हुए बताया कि वे समय प्रबंधन के माध्यम से अपनी पढ़ाई को सफलतापूर्वक पूरा कर सकते हैं। उन्होंने इग्नू की स्व-अध्ययन आधारित प्रणाली पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने की सलाह दी।
साथ ही उन्होंने आगामी वर्ष के लिए समय पर री-रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरने का भी सुझाव दिया।
डॉ. नरेश कुमार ने अपने संबोधन में असाइनमेंट की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि अंतिम परिणाम में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
उन्होंने छात्रों को सही प्रारूप में और समय पर असाइनमेंट जमा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ‘समर्थ पोर्टल’ के उपयोग के बारे में तकनीकी जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि इस एकीकृत प्लेटफॉर्म के माध्यम से वे री-रजिस्ट्रेशन, परीक्षा फॉर्म भरने और अन्य छात्र सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
इसके अलावा, छात्रों को पूरे वर्ष के शैक्षणिक कैलेंडर, अध्ययन सामग्री की उपलब्धता तथा ई-ज्ञानकोश के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस ऑनलाइन बैठक में नालागढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों विद्यार्थियों ने सहभागिता की और इग्नू की शिक्षा प्रणाली को विस्तार से समझा। इस दौरान आशीष कुमार और सुरेंद्र कुमार ने भी विद्यार्थियों को समय-समय पर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ के प्राचार्य डॉ. अनुज कुमार साहनी ने सभी प्रतिभागियों और आयोजकों को बधाई दी।
इस अवसर पर इग्नू अध्ययन केंद्र के काउंसलर तथा स्टाफ सदस्य राकेश कुमार और मान सिंह भी गूगल मीट के माध्यम से उपस्थित रहे।









