कांग्रेस सरकार ने हिमाचल की अर्थव्यवस्था को पटरी से उतारा।
नहान 8 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
राजीव बिंदल ने शुक्रवार को नाहन में जिला परिषद चुनावों के नामांकन के दौरान कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि त्रिलोकपुर वार्ड से भाजपा समर्थित उम्मीदवार प्रमिला शर्मा और रेणुका-ददाहू वार्ड से शिवानी ने नामांकन दाखिल किया है तथा भाजपा को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश की आर्थिक स्थिति पूरी तरह बिगड़ चुकी है।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं, जबकि सरकार का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है।
उनके अनुसार कांग्रेस सरकार जनता के बजाय अपने करीबी लोगों को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार ने तीन वर्षों में लगभग 45 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लिया है और अब भी कर्ज लेने का सिलसिला जारी है।
बिंदल ने कहा कि प्रदेश में जो सड़कें, पुल और राष्ट्रीय राजमार्ग बन रहे हैं, वे केंद्र सरकार की योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मिल रहे सहयोग से तैयार हो रहे हैं, जबकि प्रदेश सरकार की अपनी विकास योजनाएं पूरी तरह ठप हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए कहा कि सिरमौर जिला में 100 से अधिक संस्थानों को बंद किया गया है। इनमें स्कूल, अस्पताल, पटवार सर्कल, तहसीलें, सब-तहसीलें तथा पीडब्ल्यूडी और आईपीएच कार्यालय शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाएं बढ़ाने के लिए नए संस्थान खोले थे, लेकिन कांग्रेस सरकार ने उन पर ताले लगाने का काम किया।
डॉ. बिंदल ने यह भी कहा कि प्रदेश में 100 और स्कूल बंद करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि सरकार का काम केवल संस्थान बंद करना रह गया है, तो सरकार पर ही ताला लगा देना चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि आने वाले पंचायत और जिला परिषद चुनावों में जनता कांग्रेस को करारा जवाब देगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर कांग्रेस सरकार की विफलताओं को जनता तक पहुंचाने और भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को विजयी बनाने का आह्वान किया।








