स्ट्रांग रूम और मतगणना हॉल का निरीक्षण।
नालागढ़, 8 मई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
उपमंडलाधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी नरेंद्र अहलूवालिया ने आज पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनावों के मद्देनज़र राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ में बनाए जा रहे स्ट्रांग रूम तथा मतगणना हॉल का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने हेतु की जा रही तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान रिटर्निंग अधिकारी ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, विद्युत आपूर्ति, प्रवेश एवं निकास मार्गों सहित मतगणना हॉल में प्रत्याशियों एवं उनके एजेंटों के बैठने की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखी जाए।

उन्होंने कहा कि मतगणना केंद्र पर सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

इसके अलावा संबंधित विभागों को समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश भी जारी किए गए।
इस अवसर पर सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं नायब तहसीलदार हुसन चंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








