/बद्दी में पुलिस व ड्रग विभाग ने पकड़ी 2.23 लाख से अधिक नशीली गोलियां।

बद्दी में पुलिस व ड्रग विभाग ने पकड़ी 2.23 लाख से अधिक नशीली गोलियां।

दो आरोपी गिरफ्तार

बद्दी, 8 मई।
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

जिला पुलिस बद्दी एवं ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सालासर कॉम्प्लेक्स, बद्दी में छापेमारी कर भारी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद की हैं।

कार्रवाई के दौरान कुल 2,23,084 प्रतिबंधित गोलियां बरामद की गईं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

बरामद दवाइयों में Tramadol Hydrochloride की 1,61,920 गोलियां तथा Alprazolam (Atrox-0.5) की 61,164 गोलियां शामिल हैं।

संयुक्त टीम ने मौके से दो आरोपियों शिव पूजन प्रजापति निवासी उत्तर प्रदेश तथा अनुराग शुक्ला निवासी कानपुर को गिरफ्तार किया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बिना लाइसेंस एवं वैध परमिट के प्रतिबंधित दवाइयों का अवैध भंडारण कर रहे थे।

पुलिस ने बरामद नशीली दवाइयों को कब्जे में लेकर थाना बद्दी में NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

इसके अतिरिक्त छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अन्य संदिग्ध एवं अवैध दवाइयां भी बरामद हुई हैं, जिनके संबंध में ड्रग विभाग द्वारा Drugs & Cosmetics Act के तहत अलग से कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशा तस्करी एवं अवैध दवा कारोबार में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध भविष्य में भी संयुक्त अभियान जारी रहेगा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।