/धर्मपुर में अवैध शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, 438 पेटियां शराब बरामद

धर्मपुर में अवैध शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, 438 पेटियां शराब बरामद

सोलन 16 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

धर्मपुर पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 438 पेटियां अवैध देशी शराब बरामद की हैं।

इस संबंध में पुलिस थाना धर्मपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 15/16 मई 2026 की मध्य रात्रि को धर्मपुर पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जोहड़जी के समीप विशेष नाकाबंदी की गई थी। नाकाबंदी के दौरान संदेह के आधार पर दो वाहनों को जांच के लिए रोका गया।

तलाशी लेने पर दोनों वाहनों से अवैध रूप से परिवहन की जा रही देशी शराब मार्का “पटियाला संतरा” की कुल 438 पेटियां बरामद हुईं।

बरामद शराब में 2160 अध्धे एवं 8000 पव्वे शामिल हैं, जिनकी कुल संख्या 10,160 बोतलें बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर वाहन चालकों एवं सवार व्यक्तियों से शराब परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज, परमिट अथवा लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

मामले में आरोपियों की पहचान अशोक कुमार निवासी कुल्हाड़ी वाला तहसील बद्दी जिला सोलन, प्रदीप कुमार निवासी जिला रूपनगर पंजाब तथा साहिल राणा निवासी मालपुर तहसील बद्दी जिला सोलन के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में मामला अवैध शराब परिवहन एवं तस्करी से जुड़ा पाया गया, जिसके आधार पर पुलिस थाना धर्मपुर में FIR नंबर 84/2026 दिनांक 16.05.2026 के तहत हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(A) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान अवैध शराब की सप्लाई श्रृंखला, स्रोत एवं संभावित गंतव्य के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

आरोपियों को BNSS की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर विधि अनुसार पाबंद किया गया है।

इसके अतिरिक्त पुलिस द्वारा मामले में प्रयुक्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस इस अवैध शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।