सोलन 17 मई,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
जिला सोलन में 17 मई को आयोजित होने जा रहे नगर निकाय चुनावों को लेकर जिला पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न करवाने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर निगम सोलन क्षेत्र में कुल 61 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जबकि नगर परिषद परवाणू में 18, नगर पंचायत अर्की में 07 तथा नगर पंचायत कंडाघाट में 07 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
सभी मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा मतदान केंद्रों का संवेदनशीलता के आधार पर वर्गीकरण किया गया है।
इनमें 02 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील, 11 को संवेदनशील तथा 46 मतदान केंद्रों को सामान्य श्रेणी में रखा गया है। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी के साथ अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है, ताकि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
जिला पुलिस सोलन द्वारा चुनाव प्रक्रिया को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न करवाने के लिए कुल 122 पुलिस जवान मतदान केंद्रों पर तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त कानून-व्यवस्था की निगरानी, गश्त, यातायात नियंत्रण एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं हेतु 52 अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त, नाकाबंदी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
साथ ही पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निष्पक्ष एवं सतर्क रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला पुलिस सोलन ने जिले के नागरिकों एवं मतदाताओं से अपील की है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखें तथा जिला प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करें।
पुलिस ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को देने की अपील की है।







