पांच बंदियों पर मामला दर्ज
नालागढ़ 17 मई,
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो/ वर्मा
नालागढ़ उपमंडल के अंतर्गत उप कारागार किशनपुरा में ड्यूटी के दौरान जेल वार्डर पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस थाना मानपुरा में पांच बंदियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं प्रिजन एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहित कुमार पुत्र हंसराज निवासी गांव थाची, जिला मंडी, जो उप कारागार किशनपुरा में जेल वार्डर के पद पर तैनात हैं, 16 मई 2026 को अपनी निगरानी ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान बंदी सूर्यातेज, दीपक, सुनील, गुरचरण और गगन ने एकजुट होकर उन पर अचानक हमला कर दिया। हमले में रोहित कुमार को सिर और पीठ पर चोटें आईं।
बताया गया कि जब हवलदार नन्दलाल बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपित बंदियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे उन्हें भी चोटें आईं। बाद में अन्य ड्यूटी कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बंदियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






