शिमला, 19 मई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई, एलपीजी गैस सिलेंडरों की कमी और पेट्रोलियम उत्पादों की बढ़ती कीमतों से आम जनता परेशान है, जबकि केंद्र सरकार और उसके नेता केवल सलाह देने में व्यस्त हैं।
उन्होंने कहा कि तेल की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर दैनिक उपयोग की वस्तुओं, खाद्यान्न, दूध, ब्रेड तथा अन्य आवश्यक सामानों पर पड़ रहा है, जिससे आम लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है।
वहीं एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता में आ रही दिक्कतों के कारण लोगों को खाना बनाने के लिए ईंधन की चिंता भी सताने लगी है।
विनय कुमार ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार आम जनता की बढ़ती समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी के कारण देश का युवा वर्ग भी गंभीर परेशानियों का सामना कर रहा है।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि वह राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखते हुए तेल उत्पादक देशों के साथ प्रभावी बातचीत करे और देश में तेल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए, ताकि ईंधन संकट और बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण पाया जा सके।
नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस की जीत का दावा
विनय कुमार ने प्रदेश भाजपा नेताओं की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में संपन्न नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस को व्यापक जनसमर्थन मिला है, जिससे स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा चुनावी जीत के किए जा रहे दावे तथ्यात्मक रूप से गलत हैं। कांग्रेस ने 47 नगर निकायों में से 32 शहरी निकायों में पूर्ण बहुमत हासिल किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि कई स्थानों पर निर्दलीय प्रतिनिधियों के समर्थन से कांग्रेस की संख्या और बढ़ेगी तथा नगर निकायों में उसके अध्यक्षों की संख्या में भी इजाफा होगा।
विनय कुमार ने कहा कि नगर निकाय चुनावों के अंतिम परिणामों के बाद प्रदेश में कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति और अधिक मजबूत होकर सामने आएगी।




