/बेंगलुरु मॉडल का अध्ययन करेंगे विक्रमादित्य सिंह

बेंगलुरु मॉडल का अध्ययन करेंगे विक्रमादित्य सिंह

विक्रमादित्य सिंह ने कर्नाटक नेतृत्व से की मुलाकात।

बेंगलुरु, 22 मई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज शुक्रवार को बेंगलुरु में कर्नाटक के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार से मुलाकात कर शहरी विकास और आधारभूत ढांचे के आधुनिकीकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

इस दौरान हिमाचल प्रदेश में आगामी जनकल्याणकारी एवं संरचनात्मक विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए सहयोग और मार्गदर्शन पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में विशेष रूप से शहरी विकास से जुड़े आधुनिक समाधानों पर चर्चा हुई। दोनों राज्यों के शहरी विकास विभागों का नेतृत्व करने वाले नेताओं ने ट्रैफिक प्रबंधन, इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर, स्मार्ट सिटी विकास तथा अर्बन चैलेंज फंड जैसे विषयों पर विस्तार से विचार साझा किए। चर्चा का उद्देश्य बढ़ते शहरी दबाव, यातायात जाम, आपातकालीन प्रबंधन और नागरिक सेवाओं की बेहतर उपलब्धता के लिए प्रभावी मॉडल विकसित करना रहा।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कर्नाटक, विशेषकर बेंगलुरु, शहरी नवाचार और सुनियोजित विकास के क्षेत्र में देश के लिए एक आदर्श उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बेंगलुरु मॉडल का गहन अध्ययन किया जाएगा तथा उसके उपयुक्त तत्वों को राज्य में लागू करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से हिमाचल के शहर अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित, आधुनिक और स्मार्ट बन सकेंगे, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी।