नालागढ़ (रामशहर), 24 मई,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
ऐतिहासिक तीर्थस्थल रिवालसर का दो दिवसीय पारंपरिक मेला रविवार को शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। मेले का मुख्य आकर्षण आयोजित विशाल कुश्ती प्रतियोगिता रही, जिसमें हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए नामी पहलवानों ने अपने दांव-पेंच का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

कार्यक्रम में नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरदीप सिंह बावा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कुश्ती प्रांगण में पहुंचने पर मेला कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक ने मेले के सफल आयोजन के लिए मेला कमेटी की सराहना करते हुए भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

विधायक ने कुश्ती प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को पगड़ी तथा नकद पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि मेले हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और सभ्यता के प्रतीक हैं तथा इन्हें आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मिलकर मनाया जाना चाहिए।

इस अवसर पर मेला कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत शर्मा, कैप्टन कमल कुमार, भगत राम चंदेल, आसाराम, रामलाल ठाकुर, नरेश कुमार, राज शर्मा, रामचंद्र, नंदलाल शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य राहुल शर्मा, कांग्रेस नालागढ़ मंडल अध्यक्ष बाबू राम, वीरेंद्र शर्मा, मनीष शर्मा, जोगिंदर सिंह बेदी, रवि शर्मा, चमन लाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मेले के सफल आयोजन और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं दर्शकों की सहभागिता से क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।








