नालागढ़, 26 मई ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
पंचायत पदाधिकारियों के चुनाव के लिए नालागढ़ विकास खंड में मतदान प्र क्रिया शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में जारी है। सुबह 7 बजे शुरू हुए मतदान में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया है।

निर्वाचन विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सुबह 11 बजे तक कुल 20,165 मत डाले जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का 46.52 प्रतिशत है।
नालागढ़ विकास खंड की 26 ग्राम पंचायतों के 178 मतदान केंद्रों पर मतदान जारी है। कुल 43,348 मतदाताओं में से सुबह 11 बजे तक 9,647 पुरुष तथा 10,518 महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। महिला मतदाताओं की भागीदारी पुरुषों की तुलना में अधिक दर्ज की गई है।

मतदान प्रतिशत के आधार पर कृष्णगढ़ पंचायत सबसे आगे रही, जहां सुबह 11 बजे तक 66.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके अलावा रिया पंचायत में 65.22 प्रतिशत, बटोला कला में 66.67 प्रतिशत, तथा कश्मीरपुर पंचायत में 57.83 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
वहीं नन्दोलग कलां पंचायत में 34.46 प्रतिशत, मंझोली पंचायत में 36.31 प्रतिशत तथा रिडियाली पंचायत में 37.95 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ, जो अपेक्षाकृत कम रहा।

प्रशासन की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। मतदान शाम 3 बजे तक जारी रहेगा, जिसके बाद मतगणना की प्रक्रिया प्रारंभ होगी।
निर्वाचन अधिकारियों ने शेष मतदाताओं से भी अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्र पहुंचकर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।







