/कांग्रेस केवल झूठ और दोषारोपण की राजनीति कर रही है : त्रिलोक कपूर।

कांग्रेस केवल झूठ और दोषारोपण की राजनीति कर रही है : त्रिलोक कपूर।

शिमला, 26 मई ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने कांग्रेस नेता नरेश चौहान के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस केवल झूठ और दोषारोपण की राजनीति कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार मंत्रिमंडल बैठकों में लिए गए फैसलों को प्रचारित कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।

त्रिलोक कपूर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को हर विषय में पूर्व भाजपा सरकारों को दोष देने की आदत पड़ चुकी है।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा सरकार के कार्यकाल में चुनावों से पहले इस प्रकार की लोक-लुभावन घोषणाएं की गई थीं, जैसी वर्तमान कांग्रेस सरकार लगातार कर रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन आज तक यह वादा पूरा नहीं हुआ। उनके अनुसार प्रदेश की महिलाएं जानती हैं कि कांग्रेस के वादे केवल घोषणाओं तक ही सीमित रहे हैं।

रोजगार के मुद्दे पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि हर कैबिनेट बैठक में नौकरियों के दावे किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर युवाओं को स्थायी रोजगार मिलता दिखाई नहीं देता। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री द्वारा युवाओं को 58 वर्ष तक नौकरी सुरक्षा देने के दावे भी अब तक लागू नहीं किए गए हैं।

त्रिलोक कपूर ने कांग्रेस सरकार पर मित्रवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार में केवल खास लोगों को लाभ पहुंचाया गया, जबकि आम नागरिक और बेरोजगार युवा स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

बिजली दरों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में बिजली के दाम बढ़ाकर लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने चुनावों के दौरान 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया था, लेकिन वह वादा पूरा नहीं हुआ। साथ ही भाजपा सरकार के समय दी जा रही 125 यूनिट बिजली राहत भी समाप्त कर दी गई।

अंत में त्रिलोक कपूर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को दोषारोपण की राजनीति छोड़कर प्रदेश की जनता के वास्तविक मुद्दों और अपनी सरकार की विफलताओं पर जवाब देना चाहिए। उनके अनुसार जनता अब केवल घोषणाओं के बजाय वास्तविक परिणाम देखना चाहती है।