सोलन, 27 मई
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
पंचायती राज निर्वाचन-2026 के अंतर्गत सोलन विकास खंड में ज़िला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना को सुव्यवस्थित, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को मतगणना पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) आयोजित किया गया।
पूर्वाभ्यास की अध्यक्षता निर्वाचन अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) डॉ. पूनम बंसल ने की।

इस दौरान उन्होंने मतगणना कार्य के लिए नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रक्रिया संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनावों में मतगणना बैलेट पेपर के माध्यम से की जानी है, इसलिए प्रत्येक कर्मचारी को पूरी सावधानी, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा, ताकि वास्तविक मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।
डॉ. बंसल ने कहा कि मतगणना प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी अधिकारियों को निर्धारित नियमों और दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना चाहिए।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी मंजुला कंवर, तहसीलदार राजीव रांटा सहित कुल 119 अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और मतगणना संबंधी विभिन्न प्रक्रियाओं का अभ्यास किया।
प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि पूर्वाभ्यास से मतगणना कार्य को सुचारु एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने में सहायता मिलेगी।





