नालागढ़ 28 मई
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो/ वर्मा
पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के तहत गुरुवार को नालागढ़ विकास खंड की विभिन्न पंचायतों में दूसरे चरण का मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।
सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान दोपहर बाद 3 बजे तक जारी रहा, जिसमें पुरुषों और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विकास खंड की 26 पंचायतों में कुल 41,679 मतदाता थे, जिनमें 21,404 पुरुष तथा 20,275 महिला मतदाता शामिल रहे। शाम 3 बजे तक कुल 35,941 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो कुल मतदान का 86.23 प्रतिशत रहा।
सुबह 9 बजे तक 25.06 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जबकि 11 बजे तक यह बढ़कर 52.54 प्रतिशत पहुंच गया। दोपहर 1 बजे तक मतदान प्रतिशत 73.16 प्रतिशत रहा।
सबसे अधिक मतदान दर लोधीमाजरा पंचायत में 95.38 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि सबसे कम मतदान बंड पंचायत में 78.19 प्रतिशत रहा। इसके अलावा मलौण पंचायत में 92.41 प्रतिशत तथा सनेड पंचायत में 91.48 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया।
मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिसके चलते मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई।






