/नगर निगम सोलन की मतगणना के लिए पूर्वाभ्यास आयोजित, ।

नगर निगम सोलन की मतगणना के लिए पूर्वाभ्यास आयोजित, ।

31 मई को होगी वोटों की गिनती

सोलन, 29 मई
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

शहरी निकाय निर्वाचन-2026 के तहत नगर निगम सोलन की मतगणना से पूर्व जिला प्रशासन द्वारा शुक्रवार को मतगणना पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) आयोजित किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने मतगणना प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मनमोहन शर्मा ने कहा कि पूर्वाभ्यास का मुख्य उद्देश्य 31 मई को होने वाली मतगणना प्रक्रिया को सुचारू, व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराना है।

उन्होंने बताया कि 17 मई 2026 को नगर निगम सोलन के 17 वार्डों के लिए मतदान सम्पन्न हुआ था और राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना 31 मई को की जाएगी।

उन्होंने कहा कि मतगणना के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। मतगणना कार्य के लिए 08 मतगणना टेबल स्थापित किए जाएंगे तथा पूरी प्रक्रिया को संचालित करने के लिए लगभग 60 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है।

पूर्वाभ्यास के दौरान मतगणना कर्मियों को टेबल आवंटन एवं जिम्मेदारियों, ईवीएम और डाक मतपत्रों की गणना प्रक्रिया, राउंडवार मतगणना, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश नियंत्रण, परिणाम संकलन और घोषणा प्रक्रिया सहित उम्मीदवारों एवं उनके अधिकृत एजेंटों के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर राहुल जैन सहित मतगणना प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने मतगणना को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण होने का दावा किया है।