/नगर निगम शिमला की बैठक में हंगामा, तीन गिरफ्तार।

नगर निगम शिमला की बैठक में हंगामा, तीन गिरफ्तार।

शिमला, 31 मई,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

नगर निगम शिमला की सामान्य सभा (जनरल हाउस) बैठक के दौरान कथित रूप से जबरन बैठक कक्ष में प्रवेश कर ना रेबाजी करने और सरकारी कार्यवाही में बाधा डालने के मामले में जिला पुलिस शिमला ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 29 मई 2026 को डीसी कार्यालय शिमला स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में नगर निगम की सामान्य सभा आयोजित की गई थी। इस दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा बैठक कक्ष में घुसकर नारेबाजी किए जाने और कार्यवाही में व्यवधान उत्पन्न करने का आरोप है, जिससे कानून एवं व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हुई।

इस संबंध में अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम शिमला डॉ. भूवन शर्मा की शिकायत पर थाना सदर शिमला में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 132, 189(2), 191(2), 221 और 223 के तहत मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान गवाहों के बयान, सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 30 मई को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में विजेंद्र मैहरा (48), बालक राम (45) और विवेक कश्यप (48) शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है। जिला पुलिस शिमला ने कहा है कि कानून व्यवस्था भंग करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।