शिमला, 1 जून,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा और आइस (मेथामफेटामाइन) सप्लाई नेटवर्क के एक प्रमुख सप्लायर को पंजाब के खरड़ से गिरफ्तार करने का दावा किया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में मादक पदार्थ और नकदी बरामद की है।

पुलिस थाना ढली में दर्ज अभियोग संख्या 41/2026 के तहत 29 मई को विश्वसनीय सूचना के आधार पर ढली चौक के समीप एक मकान में तलाशी अभियान चलाया गया।
इस दौरान अवंतिका नेगी (19 वर्ष) और प्रद्युम्न ठाकुर (20 वर्ष) के कब्जे से लगभग 65 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) तथा 20 ग्राम आइस (मेथामफेटामाइन) बरामद की गई।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 2 जून तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
जांच के दौरान पूछताछ, तकनीकी विश्लेषण और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पता चला कि बरामद नशीले पदार्थ पंजाब के खरड़ निवासी समर सिंह उर्फ टाइगर (32 वर्ष) से लाए गए थे।

इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समर सिंह को खरड़ से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी समर सिंह के पास से 131 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 27 ग्राम आइस (मेथामफेटामाइन) तथा ₹60,400 नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने सभी सामान को नियमानुसार कब्जे में ले लिया।
इस मामले में अब तक कुल 196 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 47 ग्राम आइस (मेथामफेटामाइन) और ₹60,400 नकदी बरामद की जा चुकी है। आरोपी समर सिंह को भी न्यायालय में पेश कर 2 जून तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
जिला शिमला पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में नशा तस्करी मामलों में बैकवर्ड लिंकेज जांच के आधार पर अब तक 43 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
पुलिस का कहना है कि उसका लक्ष्य केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे सप्लाई नेटवर्क और उसके स्रोतों तक पहुंचकर उन पर प्रभावी कार्रवाई करना है।






