सोलन, 1 जून,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा
सोलन शहर के काली माता मंदिर क्षेत्र में एक मामूली सड़क दुर्घटना के बाद शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में कई लोग घायल हुए, जिनमें एक व्यक्ति को सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण बेहतर उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 31 मई को काली माता मंदिर के समीप दो वाहनों के बीच हल्की टक्कर हुई थी। प्रारंभिक कहासुनी के बाद मामला शांत नहीं हुआ और आरोप है कि आरोपी पक्ष ने बाद में खुण्डीधार क्षेत्र में शिकायतकर्ता पक्ष के लोगों के साथ गाली-गलौज, धमकी और मारपीट की।

इसके बाद शूलिनी माता मंदिर के पास शिकायतकर्ता पक्ष के वाहन को रोककर उस पर लोहे की रॉड, गंडासे और अन्य हथियारों से हमला किया गया। हमले में कई लोग घायल हुए तथा वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया।
घटना की सूचना क्षेत्रीय अस्पताल सोलन से मिलने पर पुलिस थाना सदर की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसे पुलिस ने जांच में शामिल कर लिया है।

जिला पुलिस सोलन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी चिराग वर्मा (25 वर्ष) निवासी महादेव विला, हॉस्पिटल रोड, सोलन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को 1 जून को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मामले की जांच जारी है।







