/जनगणना-2027 में बढ़-चढ़कर भाग लें प्रदेशवासी : मुख्यमंत्री

जनगणना-2027 में बढ़-चढ़कर भाग लें प्रदेशवासी : मुख्यमंत्री

शिमला, 2 जून,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों से जनगणना-2027 के तहत चल रहे स्व-गणना अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।

मुख्यमंत्री ने स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर अभियान में भाग लिया।
इस अवसर पर जनगणना संचालन निदेशक दीप शिखा शर्मा एवं विभागीय अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को डिजिटल जनगणना प्रक्रिया और नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना लोकतांत्रिक शासन

व्यवस्था और विकास योजनाओं की आधारशिला है। जनसंख्या, परिवारों की स्थिति, आवास, संसाधनों और सार्वजनिक सेवाओं से जुड़े आंकड़ों के आधार पर ही विकास योजनाएं तथा जनकल्याणकारी नीतियां तैयार की जाती हैं। उन्होंने लोगों से 15 जून 2026 तक स्व-गणना प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया।

उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 प्रदेश में दो चरणों में होगी। पहला चरण 16 जून से 15 जुलाई 2026 तक ‘गृह सूचीकरण एवं आवास जनगणना’ के रूप में आयोजित किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी। इस बार पूरी जनगणना डिजिटल माध्यम से होगी और गणनाकर्ता मोबाइल उपकरणों के जरिए जानकारी एकत्र करेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बर्फबारी प्रभावित दुर्गम क्षेत्रों में जनसंख्या गणना 11 से 30 सितंबर 2026 तक तथा अन्य क्षेत्रों में 9 से 28 फरवरी 2027 तक सम्पन्न होगी। उन्होंने लोगों से सही एवं पूर्ण जानकारी देकर जनगणना कार्य में सहयोग करने की अपील की।

इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, विधायक कमलेश ठाकुर तथा मुख्यमंत्री के सचिव आशीष सिंहमार भी उपस्थित रहे।