/शिमला में सील्ड रोड पर मंत्री, एसडीएम और डीआईजी की गाड़ियों के चालान।

शिमला में सील्ड रोड पर मंत्री, एसडीएम और डीआईजी की गाड़ियों के चालान।

शिमला, 2 जून,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में मंगलवार को उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब सील्ड रोड पर बिना अनुमति वाहनों के आवागमन को लेकर अधिवक्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीखी बहस हो गई।

मिली जानकारी के मुताबिक, लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह के वाहन सहित शिमला शहरी की एसडीएम ओशीन शर्मा तथा एक डीआईजी रैंक के अधिकारी की गाड़ी का भी पुलिस ने चालान किया।

जानकारी के अनुसार, उच्च न्यायालय के अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि संबंधित वाहन सील्ड रोड पर बिना वैध अनुमति के चल रहे थे।

अधिवक्ताओं की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मंत्री के वाहन का 1500 रुपये का चालान काटा। इसके बाद अन्य अधिकारियों के वाहनों की भी जांच की गई।

इस दौरान सड़क पर तीखी नोकझोंक देखने को मिली और एसडीएम ओशीन शर्मा भी अधिवक्ताओं के साथ बहस करती नजर आईं।

गौरतलब है कि शिमला में कुछ मार्गों को सील्ड एवं प्रतिबंधित श्रेणी में रखा गया है, जहां केवल विशेष अनुमति प्राप्त वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होती है। राज्य सरकार ने हाल ही में ऐसे मार्गों पर नियमों के उल्लंघन पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान भी किया है।

घटना के बाद यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि प्रशासन की ओर से इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।