बिलासपुर (स्वारघाट/गरामोड़ा,) 03 जून
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल प्रदेश द्वारा लागू किए गए एंट्री टैक्स को लेकर पंजाब और हिमाचल के बीच चल रहा विवाद अब नया मोड़ ले चुका है।
पंजाब के निहंग संगठनों ने गरामोड़ा बॉर्डर पर अस्थायी रूप से ‘खालसा टोल’ लगाकर हिमाचल नंबर की गाड़ियों से 100 रुपये से लेकर 500 रुपये तक की राशि वसूलनी शुरू कर दी है।

यह कदम हिमाचल सरकार द्वारा पंजाब से आने वाले वाहनों पर लगाए जा रहे एंट्री टैक्स के विरोध में उठाया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, निहंग नेताओं का कहना है कि हिमाचल में प्रवेश करने वाले पंजाब के लोगों से लंबे समय से एंट्री टैक्स वसूला जा रहा है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों के निवासियों और व्यापारियों को आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। इसी के विरोध में उन्होंने ‘जैसे को तैसा’ की नीति अपनाते हुए हिमाचल की गाड़ियों से समान राशि लेने का निर्णय लिया है।

इस विवाद को लेकर पहले भी पंजाब के किसान संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने हिमाचल सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए थे।
हाल ही में 55 सीमा बिंदुओं पर चक्का जाम और विरोध प्रदर्शन भी आयोजित किए गए थे, जिन्हें निहंग संगठनों का समर्थन प्राप्त था।
सीमावर्ती क्षेत्रों में इस घटनाक्रम के बाद यात्रियों और वाहन चालकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। दोनों राज्यों के प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल इस मुद्दे पर हिमाचल सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।










