शिमला, 6 जून ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
महिला पुलिस थाना शिमला में एक नाबालिग बालिका के परिजन की शिकायत पर 5 जून 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 8 के तहत मामला दर्ज किया गया।
शिकायत के अनुसार परिवार के परिचित एक युवक ने विश्वास का दुरुपयोग करते हुए नाबालिग बालिका को अपने प्रतिष्ठान में बुलाया और उसके साथ अनुचित व्यवहार किया। शिकायत मिलते ही महिला पुलिस थाना शिमला ने मामले को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लेते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तथ्यों का सत्यापन किया, आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए तथा आरोपी की तलाश आरम्भ की। प्रभावी जांच के परिणामस्वरूप पुलिस ने आरोपी उबैद (22 वर्ष), पुत्र मोहम्मद शहज़ाद, निवासी कृष्णानगर, शिमला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है तथा पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है।
महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में पुलिस ने लोगों से किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपत्तिजनक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।






