/संजौली  में अजीम मिर्जा के साथ मारपीट मामले में दो आरोपी गिरफ्तार।

संजौली  में अजीम मिर्जा के साथ मारपीट मामले में दो आरोपी गिरफ्तार।

आज अदालत में होंगे पेश

शिमला, 7 जून,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

पुलिस थाना संजौली में दर्ज मारपीट और कानून-व्यवस्था से जुड़े एक मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला अभियोग संख्या 39/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 6 जून 2026 को अजीम मिर्जा नामक व्यक्ति की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि संजौली स्थित उसकी दर्जी की दुकान पर कुछ लोग एक युवती को लेकर पहुंचे और उससे पहचान संबंधी सवाल पूछने लगे। शिकायत के मुताबिक युवती द्वारा पहचान से इनकार किए जाने के बाद आरोपियों ने कथित रूप से अजीम मिर्जा के साथ मारपीट की, दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की तारें तोड़ दीं तथा उसका वीडियो बनाने का प्रयास किया।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि अजीम मिर्जा और उसके सहकर्मी आफताब को दुकान से बाहर सड़क तक ले जाकर उनके साथ मारपीट की गई और नारेबाजी की गई।

पुलिस ने बताया कि संबंधित युवती की शिकायत पर एक दिन पहले महिला थाना शिमला में उबैद नामक आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था, जिसमें उसे गिरफ्तार भी किया जा चुका है। हालांकि युवती द्वारा दिए गए बयान और शिकायत में अजीम मिर्जा तथा आफताब के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया गया है, फिर भी उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, युवती की शिकायत की जांच के दौरान कुछ व्यक्तियों ने कथित रूप से कानून अपने हाथ में लेकर जांच को प्रभावित करने का प्रयास किया और दोनों व्यक्तियों के साथ मारपीट कर उनका सार्वजनिक रूप से जुलूस निकाला।

मामले में पुलिस ने मदन ठाकुर (43 वर्ष) निवासी देवघोडी, डाकघर सलाना, जिला शिमला तथा विजय शर्मा (47 वर्ष) निवासी कुमार भवन, संजौली को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।