/स्वस्थ जीवनशैली एवं योग जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन।

स्वस्थ जीवनशैली एवं योग जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन।

नालागढ़, 09 जून,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा

आयुष विभाग के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, नंगल द्वारा राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (Govt. W. ITI), नंगल में स्वस्थ जीवनशैली एवं योग विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम का संचालन आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीतू ठाकुर के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम में 62 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस अवसर पर डॉ. नीतू ठाकुर ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित खान-पान तथा नियमित स्वास्थ्य जांच की आवश्यकता के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि योग एवं स्वस्थ आदतें अपनाकर अनेक बीमारियों से बचाव किया जा सकता है तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान श्री अजैब सिंह नायर, योग गाइड ने प्रतिभागियों को योग के प्रति जागरूक किया तथा सर्वांगासन, धनुरासन, मकरासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम एवं शीर्षासन का अभ्यास भी करवाया।

उन्होंने नियमित योगाभ्यास के लाभों पर प्रकाश डालते हुए सभी को इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर निशा आयुर्वेदिक फार्मा अधिकारी, श्रीमती शायद चंदेल, सरोज कुमारी, शीशुपाल, चंद्रकांता सहित अन्य अध्यापक एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के अंत में स्थानीय अध्यापकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।